कैफ़े पर वापस

जब घर में पहली बार counselling की बात उठे

यह लेख उनके लिए है जिन्होंने अभी-अभी घर में यह वाक्य सुना है — “मुझे किसी से बात करनी है, किसी counsellor से।”

और सबसे पहली बात, जो सबसे ज़रूरी है: उन्होंने आपको बताया। चुपचाप भी कर सकते थे। आजकल online session होते हैं, UPI है, किसी को कानोंकान ख़बर न हो — ऐसा करना बिल्कुल मुमकिन था। उन्होंने वो नहीं चुना। उन्होंने आपको इसमें शामिल करना चुना।

यह घबराने की नहीं, थोड़ा ठहरने की जगह है।

जो पहला ख़याल आता है, वो अक्सर डर होता है

“अब लोग क्या कहेंगे।”

“हमने कहाँ कमी छोड़ दी?”

“कहीं आगे शादी-नौकरी में यह बात आड़े तो नहीं आएगी।”

“हमसे क्यों नहीं कह सकते थे?”

इनमें से कोई भी सवाल बुरा नहीं है। ये सारे सवाल असल में एक ही चीज़ हैं — फ़िक्र, जो थोड़े टेढ़े रास्ते से बाहर निकल रही है। दिक़्क़त सिर्फ़ यह होती है कि जब ये सवाल उसी वक़्त, उसी कमरे में पूछे जाते हैं, तो सामने वाले तक “मैं तुम्हारे साथ हूँ” नहीं पहुँचता। उन तक पहुँचता है — “यह बात नहीं करनी चाहिए थी।”

तो सवाल पूछिए ज़रूर। बस दो दिन बाद पूछिए।

counselling क्या है, और क्या नहीं है

एक पूरी पीढ़ी ने मानसिक सेहत के बारे में जो थोड़ा-बहुत सुना, वो डरावनी कहानियों और फ़िल्मों से सुना। इसलिए दिमाग़ में counselling और अस्पताल एक ही ख़ाने में रखे रह गए।

असल में एक session ज़्यादातर बातचीत ही होता है। एक ऐसे इंसान से बातचीत, जिसका इस पूरे मामले में कोई अपना हिस्सा नहीं है — जो न नाराज़ होगा, न आहत, न किसी को बताएगा। यही उसकी पूरी ख़ूबी है।

घरवाले प्यार करते हैं, इसीलिए तटस्थ नहीं हो पाते। यह उनकी कमी नहीं है। यह प्यार का स्वभाव है।

यहाँ किसी बीमारी का नाम नहीं रखा जाता, न ऐसा कुछ काग़ज़ पर लिखा जाता है जो आगे कहीं जाए। और यह मान लेना भी ग़लत है कि “बात करने वाला” इंसान कमज़ोर होता है — ज़्यादातर लोग जो यहाँ पहुँचते हैं, वो बहुत लंबे समय से अकेले बहुत कुछ सँभाल रहे होते हैं।

“हमसे क्यों नहीं कह सकते थे” — इसका जवाब

अक्सर वो आपसे कहते भी हैं। बात यह नहीं कि आप कम पड़ गए।

बात यह है कि कुछ चीज़ें अपने लोगों से कहने में एक अलग तरह की क़ीमत लगती है। बच्चा जानता है कि उसकी परेशानी सुनकर आपकी नींद ख़राब होगी। तो वो आधी बात कहता है, और आधी अपने पास रख लेता है — आपको बचाने के लिए।

एक बाहर का इंसान इसीलिए काम आता है। वहाँ पूरी बात कही जा सकती है, क्योंकि वहाँ किसी को बचाना नहीं होता।

इतना कहना काफ़ी है

आपको कोई सही शब्द ढूँढ़ने की ज़रूरत नहीं है। सच कहें तो, इस मौक़े पर सबसे अच्छा जवाब सबसे छोटा होता है।

“ठीक है। बताओ, मुझे क्या करना है इसमें?”

“अच्छा किया जो बता दिया। मैं समझने की कोशिश करूँगा/करूँगी।”

“पैसे की चिंता मत करो। बाक़ी बातें बाद में कर लेंगे।”

बस। बाक़ी सवाल अपनी जगह हैं, और वो अगले हफ़्ते भी पूछे जा सकते हैं।

कुछ छोटी बातें जो सच में फ़र्क़ डालती हैं

यह बात पूरे परिवार के सामने, डाइनिंग टेबल पर दोबारा मत उठाइए। जिसने कही है, यह उसकी बात है — उसे तय करने दीजिए कि किसे बतानी है।

पूछते रहिए, पर हर बार नहीं। “कैसा चल रहा है?” हफ़्ते में एक बार काफ़ी है। रोज़ पूछना निगरानी जैसा लगने लगता है।

और नतीजे की जल्दी मत कीजिए। यहाँ कुछ भी दो session में निपटने वाला नहीं होता, और न ही इसका कोई तय समय होता है। बदलाव आमतौर पर छोटा और उबाऊ सा दिखता है — नींद थोड़ी बेहतर, बहस थोड़ी कम, एक फ़ैसला जो टलता आ रहा था वो ले लिया गया।

अगर वो अठारह से कम उम्र का है

तो भारत में माता-पिता या अभिभावक का शामिल होना ज़रूरी है — यह क़ानूनी बात है, आप पर कोई शक़ नहीं। पहली बातचीत में यह साफ़ बता दिया जाता है कि आपको क्या-क्या बताया जाएगा और क्यों।

और अगर समझ ही न आ रहा हो कि करें क्या

तो आप ख़ुद आकर बात कर सकते हैं। माता-पिता अक्सर आते हैं — कभी अपने बच्चे को बेहतर समझने के लिए, कभी सिर्फ़ यह पूछने कि इस उम्र में यह सब आम है या नहीं। इसमें कुछ अजीब नहीं है, और इसके लिए घर में कुछ बिगड़ जाना ज़रूरी नहीं।